बाबरी (शामली)। थाना क्षेत्र के गांव कुरमाली में एक युवक का बीमारी के चलते निधन हो गया। जिसके बाद उसकी पत्नी की मायके वालों ने अपने घर इद्दत कराने की पेशकश की, तो इसे लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई। बीच-बचाव में आए मृतक के चाचा धक्कामुक्की में नीचे गिर गए। उन्हें चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
गांव कुरमाली निवासी जावेद (22) का निकाह एक वर्ष पूर्व कांधला थाने के गांव सुन्ना निवासी तरन्नुम से हुआ था। बुधवार को बीमारी के चलते मेरठ के निजी अस्पताल में जावेद की मौत हो गई। सूचना पर उसके ससुराल वाले गांव सुन्ना पहुंचे। ग्रामीणों ने जावेद के शव को कब्रिस्तान में सुपुर्दे-खाक कर दिया। इसके बाद मायके वाले तरन्नुम की इद्दत की रस्म अपने घर पर कराने की बात कहने लगे। इसका ससुराल वालों ने विरोध किया।
जावेद के परिजनों का कहना था कि उनकी बहू होने के नाते इद्दत ससुराल में ही करेगी। इसी को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इसी बीच मृतक जावेद के वृद्ध चाचा दिलशाद बीच-बचाव करने पहुंचे लेकिन धक्कामुक्की के चलते वह गिर गए। परिजन उन्हें शामली अस्पताल में लेकर गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक के पुत्र मनव्वर ने लड़की के पिता जाहिद, आशु, फारुख, बल्ला व मिन्ना निवासी सुन्ना पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बाबरी थाना प्रभारी नेमचंद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिलशाद की मौत हार्ट अटैक से होने का पता लगा है।