संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए इस बार पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक बना दिया है। पूरे जिले में करीब दो हजार एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित स्मार्ट कैमरे लगाए जाएंगे।
इन कैमरों के जरिए फेस डिटेक्शन, रियल टाइम मॉनिटरिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जाएगी। सभी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां से पुलिस अधिकारी 24 घंटे निगरानी करेंगे।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त जिले से होकर गुजरते हैं। उनकी सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। एआई कैमरों की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, भीड़ की निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव होगी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, भैंसवाल के पास कांवड़ मार्ग, कैराना, कांधला, झिंझाना, शामली शहर, ऊन, थानाभवन सहित सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्मार्ट कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों से मिलने वाली लाइव फुटेज जिला कंट्रोल रूम के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों के स्तर पर भी लगातार मॉनिटर की जाएगी।
एसपी ने बताया कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बार-बार किसी स्थान पर दिखाई देता है या कोई संदिग्ध गतिविधि करता है तो एआई आधारित सिस्टम तुरंत अलर्ट जारी करेगा। इससे मौके पर मौजूद पुलिस बल को तत्काल सूचना मिलेगी और समय रहते कार्रवाई की जा सकेगी। यात्रा के दौरान ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क का भी सहारा लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर पूरे कांवड़ मार्ग पर निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोकना पुलिस की प्राथमिकता होगी।