संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। 30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने 50 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट को रडार पर लिया है। यदि किसी ने भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा की अथवा अफवाह फैलाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए जिले में छह विशेष मॉनिटरिंग टीमें गठित की गई हैं, जो 24 घंटे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रखेंगी। संदिग्ध पोस्ट मिलने पर तत्काल उसकी जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले के 230 गांवों में एक हजार से अधिक सोशल मीडिया वालंटियर भी सक्रिय किए गए हैं। ये वालंटियर अपने-अपने क्षेत्रों में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले संदेशों पर नजर रखेंगे और किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट की सूचना तुरंत पुलिस को देंगे।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी पोस्ट को गंभीरता से लिया जाएगा।
ऐसे मामलों में आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी अपुष्ट जानकारी को बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर साझा न करें और अफवाहों से बचें।