शामली। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ओपन मेरिट जारी कर दी है। ओपन मेरिट जारी होने पर विद्यार्थियों ने ऑफर लेटर जमा कराने शुरू कर दिए हैं। पहले दिन आरके पीजी कालेज में 260 और वीवी पीजी कालेज में 150 विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए ऑफर लेटर जमा कराए हैं।
स्नातक में प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। विश्वविद्यालय द्वारा दूसरी मेरिट कट ऑफ सूची के बाद ओपन मेरिट जारी कर दी है। ओपन मेरिट में प्रवेश के लिए 29 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक विद्यार्थियों को ऑफर लेटर जमा करने का समय दिया गया है। एक नवंबर को कालेज मेरिट जारी करेंगे। इसके बाद दो नवंबर से चार नवंबर तक विद्यार्थी प्रवेश ले सकेंगे।
आरके पीजी कालेज शामली के प्राचार्या डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि पहले दिन बीएससी में 83 और बीएससी कृषि में 177 विद्यार्थियों ने ऑफर लेटर जमा कराए, जबकि बीकॉम में किसी विद्यार्थी ने ऑफर लेटर जमा नहीं कराया है। उधर, वीवी पीजी कालेज शामली के बीए प्रथम वर्ष के प्रवेश प्रभारी डॉ. प्रताप सरोहा ने बताया कि बृहस्पतिवार को 150 विद्यार्थियों ने ऑफर लेटर जमा कराए हैं।
बीकॉम के प्रवेश प्रभारी डॉ. वीके जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार को पहले दिन किसी विद्यार्थी ने ऑफर लेटर जमा नहीं कराया है। शुक्रवार को कालेजों में अवकाश रहेगा। विद्यार्थियों के पास अब सिर्फ शनिवार को ही ऑफर लेटर जमा करने का समय बचा है।
कॉलेजों में प्रवेश और सीटों की स्थिति
आरके पीजी कालेज शामली
विषय - कुल सीट - प्रवेश हुए - रिक्त सीट
बीकॉम - 160 - 64 - 96
बीएससी - 320 - 203 - 117
बीएससी कृषि - 160 - 64 - 96
वीवी पीजी कालेज शामली
विषय - कुल सीट - प्रवेश हुए - रिक्त सीट
बीकॉम -160 - 33 - 127
बीए - 471 -273 - 198