शामली। जिले में एक अक्तूबर से चलाए गए विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तृतीय चरण में स्वास्थ्य टीमों ने 3526 लोगों की रक्त पट्टिकाएं बनाकर जांच की। जिसमें छह लोग मलेरिया पॉजिटिव मिले, जबकि एक केस डेंगू बुखार का पाया गया।
जिले में एक अक्तूबर से चलाए जा रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में अंतर विभागीय बैठक हुई। सीएमओ डॉ. वीबी ढाका ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक सप्ताह के अंत में उपलब्ध कराएं। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान और वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम, सोशल डिस्टेंसिंग और साफ-सफाई के बारे में लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि अक्तूबर माह में 3526 लोगों की रक्त पट्टिकाएं बनाकर जांच की, जिसमें छह लोग मलेरिया पॉजिटिव मिले, जबकि एक केस डेंगू बुखार का पाया गया। घरों में कूलर, फ्रिज आदि में लंबे समय से पानी भरा मिलने पर 128 लोगों को नोटिस जारी किए गए।
जागरूकता के लिए ग्रामीणों को संचारी रोगों की रोकथाम और बचाव के उपाय और पर्चे वतरित किए जा रहे हैं। मौके पर वीबीडी कंसलटेंट राजेश कुमारी, हेल्थ सुपरवाइजर कृष्ण कुमार शर्मा, मलेरिया निरीक्षक रवि कुमार, लैब असिस्टेंट अवधेश वाडेकर आदि मौजूद रहे।
--
कंडेला में कराया एंटी लार्वा का छिड़काव
शामली। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि गांव कंडेला में 25 वर्षीय महिला में डेंगू के लक्षण पाए जाने पर एनएच-1 कार्ड से अस्पताल में जांच कराई गई, जिसमें डेंगू नहीं पाया गया। बृहस्पतिवार को गांव में जानकारी ली गई तो वहां बुखार का अन्य मरीज नहीं मिला। गांव में सोडियम हाइपोक्लोराइड और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। ग्रामीणों को स्वास्थ्य शिक्षा दी गई।