वर्कशॉप में मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहन मिलने पर होगी कार्रवाई
शामली। दुपहिया वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण करने वालों के विरुद्ध अभियान शुरू किया गया है। परिवहन विभाग ने वर्कशॉप संचालकों व ऑटो एजेंसी संचालकों को नोटिस जारी कर कहा कि उनके यहां मॉडिफाइड साइलेंसर लगा वाहन आता है तो उसकी सूचना एआरटीओ कार्यालय को देनी होगी। औचक निरीक्षण में मॉडिफाइड साइसलेंसर युक्त वाहन मिलता है तो वर्कशॉप संचालक के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दुपहिया वाहनों में मॉडिफाइड (परिवर्तित) साइलेंसर लगाकर निर्धारित ध्वनि मानक 80 डेसीबल से ज्यादा तेज ध्वनि प्रदूषण किया जा रहा है। हाईकोर्ट ने ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में शासन ने परिवहन विभाग को पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के साथ संयुक्त रूप से ऐसे दुपहिया वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश और शासन के निर्देश पर जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में 25 वर्कशॉप संचालक व ऑटो एजेंसी संचालकों को नोटिस भेजकर कहा है कि यदि कोई बाइक स्वामी या चालक उनके वर्कशॉप में मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहन लगवाने आता है, तो उसकी सूचना पंजीयन संख्या, वाहन स्वामी का नाम, पते सहित पंजीयन अधिकारी एआरटीओ कार्यालय को देनी होगी, ताकि उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। वर्कशॉप के औचक निरीक्षण निरीक्षण के दौरान यदि मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहन पाया जाता है तो वर्कशॉप संचालक के विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।
सात बाइकों का चालान, तीन सीज, 1.13 लाख रुपये जुर्माना
शामली। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि शुक्रवार को ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए बुलेट बाइकों में मानक के अनुरूप लगे साइलेंसर को परिवर्तित (मॉडिफाइड) कराने वालों के विरुद्ध एसटी तिराहा पर यातायात पुलिस के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सात बुलेट बाइकों के चालान किए गए और तीन बाइक सीज की गई। इस दौरान एक लाख 13 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही नारी मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए पंपलेट का वितरण किया गया। एआरटीओ ने बताया कि इस अभियान के तहत एक सप्ताह में करीब 38 बाइकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी हैं, जिनमें 10 बाइक सीज हुई है और उनसे करीब चार लाख रुपये से अधिक जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहनों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
शामली में बाईक सवार का चालान काटते एआरटीओ मुंशीलाल- फोटो : SHAMLI