शामली (ब्यूरो)। गुरुद्वारा तिराहे के पास केमिकल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके नीचे दबने से ई रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान भैंसा बुग्गी भी चपेट में आ गई। इससे दो किसान चोटिल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, वहां से रिक्शा चालक को रेफर किया।
शनिवार को गुरुद्वारा तिराहे के पास ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। इस दौरान वहां से गुजर रहा ई रिक्शा चालक इकराम निवासी मोहल्ला सरवरपीर ट्रक के नीचे दब गया। साथ ही भैंसा बुग्गी लेकर आ रहे दो किसान भी चपेट में आकर चोटिल हो गए।
इससे वहां हड़कंप मच गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक भाग गया। सूचना मिलते ही आदर्श मंडी पुलिस पहुंची और इराम को ट्रक के नीचे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मुजफ्फरनगर भेजा। ट्रक राजस्थान से केमिकल लेकर मुजफ्फरनगर आ रहा था। डिवाइडर से टकराकर पलटे ट्रक के कारण मुजफ्फरनगर रोड पर जाम लग गया। एक ओर से रास्ता बंद होने के कारण वाहनों को निकलने में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में पुलिस ने ट्रक को हटवाया। इसके बाद ही यातायात सामान्य हो सका।