कैराना (शामली)। डेढ़ माह पहले हरियाणा के जिला कैथल में ड्रग्स के साथ पकड़े गए एक तस्कर से कैराना निवासी युवक के लिंक मिलने के बाद हरियाणा पुलिस शुक्रवार को उसे उठाकर अपने साथ ले गई।
शुक्रवार को हरियाणा के जिला कैथल के थाना राजौंद के एसआई शमशेर सिंह पुलिस टीम के साथ कोतवाली में पहुंचे तथा आमद दर्ज कराई। बाद में स्थानीय पुलिस के साथ हरियाणा पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी देहात बंजारा बस्ती निवासी एक युवक को उठा लिया। पुलिस टीम युवक को कोतवाली में लेकर आई तथा घंटों पूछताछ की। एएसआई शमशेर सिंह ने बताया कि 22 जुलाई को उनके द्वारा एक ड्रग्स तस्कर को पकड़ कर जेल भेजा गया था। जिसके पास से एक किलो 200 ग्राम सुल्फा बरामद किया गया था।
ड्रग्स तस्कर को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। जिसके बाद युवक सोनू उर्फ साजिद उर्फ भूरा निवासी आर्यपुरी बंजारा बस्ती का नाम प्रकाश में आया। बाद में हरियाणा पुलिस लिखापढ़ी करने के बाद युवक को अपने साथ ले गई। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि हरियाणा पुलिस कैराना निवासी सोनू उर्फ साजिद उर्फ भूरा को गिरफ्तार करके अपने साथ हरियाणा ले गई।
दो युवतियों के मर्डर में युवक के मकान की जांच की थी फोरेंसिक टीम ने
पिछले साल 20 मई की शाम जगनपुर रोड पर ईख के खेत के अंदर खून से लथपथ दो अज्ञात युवतियों के शव पड़े मिले थे। बाद में पुलिस ने शक के आधार पर उक्त युवक के मकान को संदिग्ध माना था। मेरठ से आई फोरेंसिक टीम ने मकान की गहनता से जांच की थी। लेकिन आज तक भी उक्त हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है।