शामली। कस्बा कांधला में फर्जी डिग्री पर अवैध रूप से चिकित्सीय कार्य करने के आरोपी फिरोज आलम के विरुद्ध एसीएमओ डॉ. अतुल बंसल की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एसीएमओ पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. अतुल बंसल की तरफ से आदर्श मंडी थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि कस्बा कांधला के मोहल्ला गुजरान जाट काॅलोनी में स्टार अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक नौशाद खान ने फिरोज आलम एमबीबीएस डीएमआरडी को सेवा प्रदाता चिकित्सक नियुक्त करते हुए नवीन अल्ट्रासाउंड पंजीकरण के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा सेवा प्रदाता चिकित्सक के शैक्षिक योग्यता एवं पंजीकरण प्रमाण पत्रों को सत्यापन के लिए रजिस्ट्रार उप्र मेडिकल काउंसिल लखनऊ को भेजा गया था। एसीएमओ के मुताबिक, सत्यापन में फिरोज आलम की एमबीबीएस की डिग्री और अतिरिक्त शैक्षिक योग्यता डीएमआरडी सही नहीं पाई गई। एसीएमओ की तहरीर पर पुलिस ने अवैध चिकित्सा व्यवसाय कर नागरिकों को धोखा देने और अवैध धन अर्जन करने के आरोप में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।