शामली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव कराने को लेकर हंगामा प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए सोमवार तक चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग की।
शुक्रवार को एबीवीपी के छात्रों ने सीसीएसयू से संबंधित सभी डिग्री कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव कराने को लेकर हंगामा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर के आरके पीजी कॉलेज में भी चुनाव कराने को लेकर प्राचार्य अरविंद कुमार से मुलाकात की। सह संयोजक निविश कुमार ने बताया कि हाल में हाईकोर्ट ने भी सभी कॉलेजों में चुनाव कराने का रास्ता साफ कर दिया है। इसके बाद भी कॉलेजों में चुनाव कार्यक्रम जारी नहीं किया जा रहा है। सभी छात्र कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए सोमवार तक कार्यक्रम जारी करने की अपील की है। सोमवार तक कार्यक्रम जारी न करने पर कॉलेज बंद कराते हुए आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिला संयोजक प्रिंस पारस, मनीष कालखंडे, शिवम कालखंडे, सूर्य, अंकुश कुमार, सन्नी, हिमांशु, अजय आदि मौजूद रहे।