थानाभवन। बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने भारतीय किसान संगठन के बैनर तले शुगर मिल के गेट पर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम व शुगर मिल के जीएम केन के आश्वासन पर किसानों का गुस्सा शांत हुआ।
रविवार को भारतीय किसान संगठन के दर्जनों किसान शुगर मिल के सामने पहुंचे और प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि बार-बार मांग करने के बावजूद किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया जा रहा है। गन्ना शुगर मिल में जा चुका है और अब खाली भूमि पर अगली फसल की बुआई होनी है। लेकिन पैसा न मिलने के कारण किसानों के सामने काफी परेशानियां खड़ी हैं। जब भी किसान भुगतान को लेकर शुगर मिल के अधिकारियों से मुलाकात करते हैं तो हर बार उन्हें सिर्फ कोरे आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है। इस दौरान एसडीएम सुजीत कुमार व शुगर मिल के जीएम केन लेखपाल सिंह मौके पर पहुंचे। जीएम ने कहा कि उनका पावर कारपोरेशन पर काफी पैसा बकाया है। उम्मीद है शीघ्र ही वह पैसा मिल जाएगा। मौके पर जिलाध्यक्ष जमील प्रधान, राजू सिंह, ठाकुर नरेश कुमार, मोहित सिंह, संजय सिंह, वकील, ममरेज राणा, अजीत सिंह पुंडीर, जबराम सिंह आदि किसान मौजूद रहे।