सीमेंट के 680 कट्टे बरामद, दो विक्रेता हिरासत में
गढ़ीपुख्ता (शामली)। हरियाणा पुलिस गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव मालैंडी में छापा मारकर दो सीमेंट व्यापारियों के पास से चोरी के 680 सीमेंट के कट्टे बरामद किए हैं। दोनों विक्रेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस अपने साथ ले गई।
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव मालैंडी निवासी ट्रक चालक प्रदीप कुमार हरियाणा के करनाल निवासी सुमेर सिंह के यहां ट्रक चालक है। बताया जाता है कि आठ नवंबर की रात्रि प्रदीप पानीपत स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट की फैक्टरी से 680 सीमेंट के कट्टे लोड कर हरियाणा के कैथल के लिए चला था। उसका पता नहीं लगने पर पानीपत के सेक्टर 29 थाना पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से प्रदीप कुमार को दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर पानीपत पुलिस मंगलवार देर रात्रि गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव मालैंडी पहुंची। पुलिस ने गांव के दो सीमेंट व्यापारियों हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस दौरान ट्रक में भरकर लाए गए 680 सीमेंट के कट्टों को भी बरामद कर लिया। हरियाणा पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई है। थानाध्यक्ष महावीर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात हरियाणा पुलिस के आने की सूचना मिली थी। थाने में पुलिस ने आमद दर्ज नहीं कराई।