हादसे में बाइक सवार युवक घायल
कांधला।
ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसके गंभीर हालत चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी प्रवीन शुक्रवार शाम किसी कार्य के लिए कस्बे में अपनी बाइक द्वारा जा रहा था। गंगेरू रोड स्थित गांव गढ़ी दौलत मोड़ के करीब कांधला की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने उसको टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां से घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसके परिजनों को सूचना देने के बाद उसे शामली के लिए रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार वहां पर प्रवीन की हालत अभी चिंताजनक बनी हुई है। इस मामले में थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि वारदात को लेकर अभी तहरीर नहीं मिली है।