शामली। नगरपालिका शामली में स्वकर निर्धारण प्रणाली लागू करने की प्रक्रिया के चलते सोमवार से आपत्तियों पर गठित की गई कमेटी ने सुनवाई का कार्य शुरू कर दिया। पहले दिन वार्ड एक से वार्ड पांच के लिए 60 लोगों ने पहुंचकर अपना पक्ष रखते हुए सुझाव दिए।
शासन ने एक अप्रैल से नगर निकायों में स्वकर निर्धारण प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते शामली पालिका में इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पालिका ने इसे लेकर नागरिकों से आपत्तियां मांगी थी। लगभग 1120 आपत्तियां पालिका में आई हैं। पालिका के ईओ विनोद सोलंकी ने आपत्तियों के निस्तारण के लिए सभासद विनोद तोमर व शाहिदा, जेई जलकल हर्षित गर्ग व कर विभाग से आजम खां की कमेटी बनाई है। सोमवार से आपत्तियों पर सुनवाई शुरू हुई। पहले दिन करीब 60 लोगों ने स्वकर प्रणाली के बारे में अपना पक्ष रखा। सभासद विनोद तोमर ने बताया कि पहले दिन वार्ड एक से पांच तक के नागरिकों की आपत्तियोंं की सुनवाई की। 28 मार्च तक रोजाना पांच वार्डों के नागरिकों की सुनवाई की जाएगी।