शामली। जिला उद्योग-व्यापार बंधु की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की जर्जर लाइन बदलवाने का मुद्दा जोरशोर से उठा। इसके अलावा रेलपार रजबाहे की पानी की निकासी नहीं होने से कारखाने में पानी भरने और बैंकों की समस्याओं को उद्यमियों ने उठाकर निस्तारण किए जाने की मांग की।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला उद्योग बंधु की बैठक हुई। जिसमें उद्यमी आलोक जैन ने बताया कि कुड़ाना रोड स्थित कैरियर व्हील औद्योगिक इकाई जो नगर पालिका परिषद शामली के क्षेत्र में आती है। वह जलकर मूल्य के रुप में हजारों रुपये भुगतान करती है। पिछले कई माह में कारखाने के आसपास के रजबाहे में पानी की निकासी अवरुद्ध होने इकाई की दीवार में पानी रुक गया। बरसात मेें पानी कारखाने में भर जाता है। शामली नगर पालिका परिषद द्वारा अवगत कराया कि नाले की सफाई का कार्य कराया जा रहा है, मगर कुड़ाना रोड पर दुकानदारों की रोड़ी-बंजरी पड़ी रहने से सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। एक सप्ताह में रजबाहे की सफाई कराने का आश्वासन दिया। शामली इंडस्ट्रीज एस्टेट मैन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित गोयल ने औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत निगम के जर्जर तार हालात में पहुंच गए हैं। विद्युत वितरण खंड प्रथम के क्षेत्र के फीडर नंबर दस व विद्युत वितरण खंड तृतीय के तार बहुत कमजोर हो गए हैं। विद्युत वितरण खंड प्रथम और तृतीय ने उद्यमियों की समस्याओं का समाधान का आश्वासन दिया। उद्यमियों ने अवगत कराया कि औद्योगिक आस्थान शामली में नई पुरानी इकाइयों को बैंक बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर पा रहे हैं।
बैठक में एलडीएम, पीएनबी के प्रतिनिधियों ने बताया कि उद्यमी अपना आवेदन सेल्फ एकाउंट में ऋण हेतु आवेदन करे, क्योंकि बैंक भी अच्छे प्रोजेक्ट को लगवाना चाहता है। अगर किसी उद्यमी आवेदक को परेशानी होती है। इस संबंध में एलडीएम शामली से वार्ता कर सकते हैं। उद्यमियों की समस्याओं पर सीसी लिमिट के प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। अध्यक्षता अभिनव बंसल ने की। मौके पर उद्यमी आलोक जैन, अशोक बंसल, अनुज गर्ग, निखिल ऐरन, आयुष बंसल, अंकित मौजूद रहे। संचालन जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक परमहंस मौर्य ने किया।
शामली डिपो को नई रोडवेज बसें आवंटित हों
शामली। व्यापार बंधु की बैठक में शामली रोडवेज डिपो के भवन निर्माण के लिए शासन स्तर से बजट जारी कराकर नई बसों की व्यवस्था किए जाने की मांग की है। व्यापारियों ने शहरों में व्यापारियों का विद्युत निगम द्वारा उत्पीड़न रोकने और ई-रिक्शाओं की जांच कराकर किराए निर्धारित करने का मुद्दा उठाया गया।
बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापारमंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि शामली में डिपो की भूमि विवाद निस्तारण हो चुका है। शासन से डिपो भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृति कराने और नई रोडवेज बसों का आवंटन करने की मांग रखी है। उन्होंने विद्युत निगम द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न किए जाने का मुद्दा उठाते हुए रोक लगाने की मांग की। बैठक में मौजूद एआरएम मनोज वाजपेयी ने बताया कि शामली डिपो की भूमि विवाद संबंधी रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। व्यापारी नेता अंकित गोयल ने बैंक्वेट हालों में रात्रि दस बजे के बाद डीजे पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की है। बैठक में डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि शामली प्रधान डाकघर की स्वीकृति मिल गई है। जल्द इस संबंध में बैठक आयोजित की जाएगी। मौके पर सूर्यवीर सिंह, सुभाष धीमान, राजेश गुप्ता, ईश्वर दयाल कंसल, श्रीकांत जैन, आशु गर्ग, आदि मौजूद रहे।