शामली। राज्य परियोजना निदेशक ने सभी मंडल और जनपदों के कस्तूूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का कार्यक्रम जारी कर दिया है। उन्होंने मंडलीय सहायक निदेशक और बीएसए को 20 जनवरी से किसी भी एक जनपद में मंडल स्तरीय खेल संपन्न कराने के निर्देश दिए है।
बृहस्पतिवार को राज्य परियोजना निदेशक डाक्टर वेदपति मिश्र ने कस्तूूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की राज्य स्तरीय खेलकूद का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह खेल कार्यक्रम तीन फरवरी से लेकर पांच फरवरी तक बाराबंकी जनपद में आयोजित होंगे। उन्होंने पत्र भेजते हुए सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक एवं बीएसए को बैठक कर मंडल के किसी भी एक जनपद में 20 जनवरी से 31 जनवरी के बीच मंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित कराने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर पर वहीं टीम और छात्रा प्रतिभाग करेंगी जो जिला स्तर पर प्रथम आई है। वहीं जूडो में प्रति भार वर्ग में मंडल से केवल एक प्रतिभागी ही प्रतिभाग कर सकेगा। एथलेटिक्स में मंडल स्तर पर प्रथम और द्वितीय खिलाड़ी को और राज्य स्तर पर केवल प्रथम स्थान वाले खिलाड़ी को प्रतिभाग कराया जाए। एक प्रतिभागी अधिकतम दो गेम और एथलेटिक्स में तीन इवेंट में ही प्रतिभाग कर सकता है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकांकी में 8 से 12 छात्राओं की एक टीम, लोकगीत और नृत्य में 8 छात्राओं की एक टीम, समूहगान में 8 छात्राओं की एक टीम, व्यायाम एवं विशेष प्रदर्शन में 16 छात्राओं की टीम प्रतिभाग करेंगी। प्रत्येक मंडल के प्रतिभागी निर्धारित स्पोर्ट्स किट में प्रतिभाग करेंगे अन्यथा उन्हें खेलकूद प्रतियोगिता से वंचित कर दिया जाएगा। मार्च पास्ट में 18 सदस्यीय दल ट्रैक सूट या फिर स्पोर्ट्स किट में प्रतिभाग कराने के निर्देश दिए है। प्रत्येक मंडल को निर्धारित किए झंडे का रंग में छह फिट का पोल एवं मंडल के नाम की पट्टी के साथ में लाना है। जिसमें सहारनपुर का रंग पीला रखा गया है। सभी प्रतिभागी के पास पहचान के रुप में आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। बीएसए चंद्रशेखर ने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह में ही सभी जनपदों के अधिकारियों की बैठक कर मंडल स्तरीय प्रतियोगिता का कार्यक्रम व स्थान तय कर दिया जाएगा।
मंडल और राज्य स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिता
कबड्ड़ी, खोखो, वॉलीबाल, बैडमिंटन, जूूडो, एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200, 400, रिले दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद की प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी।