शामली/कांधला। तीसरे चरण के लिए शामली ब्लाक में अंतिम दिन प्रधान पद के लिए 175 पंचायत सदस्य पद के लिए 510 व कांधला ब्लाक में प्रधान पद के लिए 196 व सदस्य के लिए 511 प्रत्याशियों ने एआरओ के समक्ष नामांकन-पत्र दाखिल किए हैं। सिंभालका-सिलावर समेत कई ग्रामों में सदस्य पद खाली रह गए हैं। नामांकन करने कोई प्रत्याशी नही आ पाए है।
शामली ब्लाक के आरओ अश्वनी कुमार ने बताया कि दो दिन में प्रधान पद के लिए 331, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 666 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए है। उन्होंने बताया कि शामली ब्लाक में सिभांलका- सिलावर समेत कई ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए कोई भी नामांकन-पत्र न आने से खाली रह गए हैं।
उधर कांधला ब्लाक में प्रधान पद के लिए दूसरे दिन 196 व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 511 प्रत्याशियों नेे नामांकन पत्र भरे हैं। आरओ कांधला ने बताया कि पिछले दो दिन में प्रधान पद के लिए 348 व सदस्य पद के लिए 658 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। कांधला-शामली ब्लाक में प्रधान पद के लिए 679 व पंचायत सदस्य के लिए 1324 प्रत्याशी कुल नामांकन-पत्र दाखिल कर चुके हैं।
कैराना ब्लाक की 42 ग्राम पंचायतों में होने वाले चुनाव के लिए सोमवार को नाम वापसी की प्रक्रिया हुई। अब ग्राम प्रधान पद पर 460 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। मवी गांव में एक ही प्रत्याशी नसीमा के चुनाव मैदान में रहने पर उनका निर्विरोध चुना जाना तय है।
सोमवार को ब्लाक कार्यालय पर आरओ राजीव वर्मा की देखरेख में नामांकन पत्रों की वापसी की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके साथ ही सबसे अधिक 25-25 प्रत्याशी गांव भूरा व कैराना देहात में हैं। गांव जहानपुरा में तीन प्रत्याशियों द्वारा नाम वापसी के बाद मुकीम काला की मां मीना व पत्नी जासमीन, पूर्व प्रधान जनाब अली व उनकी पत्नी कोशिदा सहित कुल आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं, जबकि गांव जंधेडी में कम उम्र के कारण एक पर्चा निरस्त हो गया व एक प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिया। इसके साथ ही साबिर की मां असमुदा व पत्नी साजो सहित दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सोमवार रात तक प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटन का कार्य चलता रहा।
कुख्यात बदमाशों के परिजनों ने भरे नामांकन पत्र
कांधला में कुख्यात बदमाशों के परिजनों द्वारा प्रधान पद के लिए नामांकन करने वालों में एक और नाम जुड़ गया है। कांधला क्षेत्र के गांव भभीसा निवासी विपुल उर्फ खुन्नी की पत्नी ने भी नामांकन पत्र जमा किया है। विपुल हत्या के मामलों में जेल में बंद है। वहीं, खंदरावली निवासी मुनशाद के चचेरे भाई ने भी नामांकन किया है।
खंड विकास कांधला की 33 ग्राम पंचायत में तीसरे चरण के मतदान के लिए दूसरे दिन सोमवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच नामांकन पत्र जमा किए गए। भभीसा से जेल में बंद विपुल की पत्नी और खंद्रावली निवासी मुनशाद के चचेरे भाई ने भी प्रधान पद के लिए नामांकन किया है। मुनशाद को मुकीम गैंग का सदस्य बताया जाता है। नामांकन के दौरान ग्रामीणों की ब्लॉक कार्यालय भीड़ रही।
ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, जिस कारण कस्बे में दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। आरओ विष्णु प्रकाश कुमार ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 24 से 26 नवंबर तक की जाएगी। 27 नवंबर तक नामांकन वापस लेने और चुनाव चिह्न आवंटन किए जाएंगे।