राजकीय महिला महाविद्यालय में युवा महोत्सव का समापन
कांधला। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक सप्ताह से चल रहा युवा महोत्सव का समापन हो गया। सामूहिक गायन में स्वाति समूह प्रथम, कोमल समूह द्वितीय और सबा समूह तृतीय स्थान पर रही।
रविवार को युवा दिवस के समापन पर सामूहिक नृत्य एवं सामूहिक गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सामूहिक नृत्य में नीलम समूह प्रथम, नरगिस, शाहीन समूह ने संयुक्त रूप में द्वितीय तथा सबा समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि सामूहिक गायन में स्वाति समूह प्रथम, कोमल समूह द्वितीय व सबा समूह तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार एकल नृत्य प्रतियोगिता में इंदु प्रथम, काजल द्वितीय व बरखा तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि एकल गायन में निकिता ने प्रथम, ज्योति सैनी ने द्वितीय व कोमल चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम के संयोजक रहे डॉक्टर विनोद कुमार ने बताया कि स्वामी विवेकानंद का साहित्य एवं विभिन्न स्थानों पर दिए गए भाषण युवाओं को अपनी संस्कृति सभ्यता एवं पूर्वजों पर गौरवान्वित होने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने हिंदू दर्शन को समझते हुए भारतीय समाज को कुरीतियों से मुक्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर बृजभूषण ने की। उन्होंने छात्राओं के प्रतिभा प्रदर्शन की प्रशंसा की। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में तथा समस्त कर्मचारियों ने उत्सव की व्यवस्था करने में अपनी अपनी भूमिका निभाई। राष्ट्रगीत के साथ युवा महोत्सव संपन्न हुआ।