संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के पारस्परिक जनपदीय एवं अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए आवेदन की तिथि 20 अप्रैल तक रही। अब शिक्षक 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते है। अभी तक जनपद में दोनों के लिए कुल 638 शिक्षक व शिक्षिकाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है। आवेदन के बाद दो मई तक बीएसए कार्यालय में आवेदन के प्रिंटआउट की काॅपी जमा करनी होगी।
बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर ने बताया कि पारस्परिक अंतरजनपदीय और जनपदीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 11 अप्रैल निर्धारित की गई थी। इसके बाद बढ़ाकर 20 अप्रैल और अब यह तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ाई गई है। इस क्रम में जनपद के 368 महिला-पुरुष ने ऑनलाइन पंजीकरण किया है। इसमें 215 जनपद स्थानांतरण के लिए आवेदन किया है।
वहीं 176 ने अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था, इसमें पांच आवेदन खामियों के चलते निरस्त कर दिए गए। 171 आवेदन सही पाए गए। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार कार्यालय पर शिक्षकों ऑनलाइन आवेदन पत्र का प्रिंटआउट दो मई तक जमा किए गए। उन्होंने बताया कि म्युचुअल और अंतरजनपदीय स्थानांतरण को लेकर शिक्षकों के बीच लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी।
अब मौका मिलने के बाद शिक्षकों में उत्साह बढ़ा है। बीएसए ने बताया कि पूरी प्रक्रिया मई माह तक पूरी होगी। मई माह में ही स्थानांतरण होने वाले शिक्षकों को कार्यमुक्त किया जाएगा।