- पुलिस, फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड ने की जांच, ग्रामीणों में रोष
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा में चोरों ने दो किसानों के घरों में घुसकर नकदी व गहने चोरी कर लिए। पुलिस, फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड टीम ने जांच पड़ताल की। चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
रविवार की रात क्षेत्र के गांव बलवा में बदमाश दीवार फांदकर होली चौक निवासी किसान कर्ण सिंह के घर में घुस गए और अलमारी में रखी सोने की आठ अंगूठियां, गले के चार सैट, दस जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी कानों के कुंडल, गले का सोने का ओम, एक घड़ी व तीन हजार रुपये की नकद चोरी कर लिए।
इसके बाद बदमाशों ने गांव के रकम सिंह के घर पर धावा बोला। रकम सिंह अविवाहित है, जो गांव में अकेला रहता है। जबकि उसके अन्य भाई बाहर रहते हैं। रात में बदमाश घर में घुस गए और वहां से 20780 रुपये नकद, सोने की अंगूठी, करीब 70 हजार रुपये का नया कपड़ा चोरी कर लिया। सुबह करीब चार बजे जब रकम सिंह सोकर उठा तो मकान का दरवाजा खुला मिला और सामान अस्त-व्यस्त देखकर शोर मचाया, जिस पर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पीडितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने ग्रामीणों को जल्द चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
- सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी
गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी करने वाले दो बदमाश कैद हुए हैं। दोनों बदमाश गली से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के सहारे बदमाशों की तलाश में जुटी है।
- जिले में हुई चोरी की घटनाएं
- 26 अप्रैल की रात को गांव बधेव में विधवा महिला के घर में चोरी, अन्य दो घरों में चोरी का प्रयास।
- 24 अप्रैल की रात को गांव बहावड़ी में आगरा में तैनात एसआई सर्विलांस प्रभारी के घर में चोरी।