36 लोग कोरोना संक्रमित, महिला की मौत
शामली। जिले में दो दिन में कोरोना पॉजिटिव के 36 नए केस मिले हैं, जबकि कोरोना पॉजिटिव एक महिला की मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई। रविवार को नए केस में सीएचसी शामली का एक स्वास्थ्य कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। उधर, कोरोना पॉजिटिव 40 लोग ठीक हुए हैं। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 137 हो गई है।
जनपद में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को कोरोना पॉजिटिव 48 वर्षीय महिला की मेरठ मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सीएमओ संजय भटनागर ने महिला की मौत होने की पुष्टि करते हुए बताया कि बुढ़ाना रोड नाला पटरी निवासी महिला को सांस लेने मेें परेशानी होने पर तीन दिन पहले मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया था। वहीं पर कोरोना की जांच के लिए सैंपल लिया गया था। जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। मेरठ मेडिकल से उन्हें महिला की मौत होने की सूचना मिली है। जनपद में कोरोना से होने वाली मौत की संख्या 10 हो गई है। उधर, शनिवार को जनपद में कोरोना पॉजिटिव के 21 नए केस मिले हैं। शांति नगर मोहल्ले में 23 वर्षीय युवक और 63 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली। मोहल्ला गुलशननगर में 75 वर्षीय, 29 वर्षीय, 48 वर्षीय और 50 वर्षीय चार महिलाएं कोरोना संक्रमित मिलीं, जबकि 54 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। आजाद चौक में 74 और 43 वर्षीय दो महिला कोरोना पॉजिटिव मिलीं। गांधी चौक में एक परिवार के दो वर्षीय बच्ची, 27 व 60 वर्षीय दो महिलाएं और 62 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। बड़ा बाजार में 62 वर्षीय व्यक्ति व दयानंद नगर में 26 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। गांव सिंभालका में 19 वर्षीय युवक, हसनपुर लुहारी में 45 वर्षीय व्यक्ति और मालेंडी गांव में 16 वर्षीय किशोर कोरोना पॉजिटिव मिला है। शनिवार देर रात में तीन अन्य लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
रविवार को 15 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित मिली है। शहर के सूरजमल विहार में 15 वर्षीय किशोर, माजरा रोड निवासी 32 वर्षीय युवक, बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर के निकट 60 वर्षीय व्यक्ति, दयानंद नगर में 17 वर्षीय किशोर, गुलशन नगर में 21 व 40 वर्षीय दो महिलाएं, रेलपार में 45 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिला है। सीएचसी शामली में 38 वर्षीय स्वास्थ्यकर्मी के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। कस्बा बनत के गांधीनगर में 65 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया। कस्बा जलालाबाद में 30 और 35 वर्षीय युवक, 31 वर्षीय महिला और 10 वर्षीय लड़की कोरोना पॉजिटिव आई। इनके अलावा बाबरी क्षेत्र के गांव हाथी करौंदा में 56 वर्षीय व्यक्ति और गांव कैंड़ी में एक व्यक्ति के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शनिवार और रविवार दो दिन में कोरोना पॉजिटिव के 36 नए केस मिले हैं। इन दो दिन में कोरोना पॉजिटिव 40 लोग ठीक हुए हैं। जनपद में अब कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 137 हो गई है।