भाजपाइयों ने 40 घरों में जलाए दीपक
थानाभवन। भाजपा की ओर से आयोजित कमल ज्योति कार्यक्रम के तहत पार्टी पदाधिकारियों ने कस्बे में सरकारी योजना के लाभार्थियों के घर पहुंचकर दीपक जलाए। साथ ही लोगों को भाजपा सरकार की ओर से चल रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
मंगलवार को कस्बे के बूथ संख्या 178 पर कमल ज्योति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन के महामंत्री अजय कुमार ने किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने बूथ के ऐसे 40 घरों का चयन किया, जिन्हें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, आयुष्मान आदि योजनाओं का लाभ मिला है। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों ने उक्त पात्रों के घर पहुंचकर दीपक जलाए। इस दौरान संगठन महामंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीब वर्ग के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया है। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक धीरज नारंग, बूथ अध्यक्ष गोपाल सैनी, बिजेंद्र सिंह, आनंद पुंडीर, महेश गोयल, रविंद्र गोयल, संदीप मोघा, प्रेमचंद, विपुल, पवन सैनी, राजेश आदि मौजूद रहे।