बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश
शामली। एसपी अजय कुमार ने थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और वांछितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में दोपहर को डीआईजी सहारनपुर शरद सचान द्वारा जिले के पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की चुनावी तैयारियों के संबंध में मीटिंग प्रस्तावित थी। अचानक उनके आने का कार्यक्रम रद्द हो गया। इसके बाद एसपी अजय कुमार ने थाना प्रभारियों की मीटिंग ली। उन्होंने थाना प्रभारियों को आगामी चुनाव को शांतिपूर्वक और निष्पक्ष कराने के लिए अभी से तैयारी में जुटने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि वांछितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा और इसमें किसी तरह की कोई लापरवाही न बरती जाए। गांव और शहरों में चुनाव को लेकर होने वाली हर गतिविधियों पर नजर रखी जाए और निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। एसपी ने थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए दिशा निर्देश देते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एएसपी राजेेश श्रीवास्तव, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। उधर, एसपी ने सोमवार रात को कोतवाली पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान ड्यूटी पर कई पुलिसकर्मियों के न मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने गैरहाजिर पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।
गवाही देने पर धमकी देने का आरोप
शामली। मंगलवार को गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव बुंटा निवासी सैनुम ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वर्ष 2010 में गांव के तीन लोगों ने उसके पति पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर घायल कर था। इस घटना की रिपोर्ट गढ़ीपुख्ता थाने पर दर्ज कराई थी। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है और उसके दो पुत्र गवाह है। पीड़िता का आरोप है कि 24 फरवरी को शाम करीब पांच बजे गन्ना लेकर जा रहे दोनों पुत्रों को आरोपी पक्ष ने मुकदमे में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।