कानून व्यवस्था पैरामिलिट्री के हाथ
शामली।
निकाय चुनाव के तहत मतदान को शांतिपूर्ण कराने, कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस-प्रशासन की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। जिले में कानून व्यवस्था पैरामिलिट्री के हाथों में सौंपी गई है। जबकि बूथों की सुरक्षा पुलिस और पीएससी संभालेगी।
जिले में दस नगर पालिका और नगर पंचायतों में कल (बुधवार) मतदान होना है। निकाय चुनाव के मद्देनजर एसपी डॉक्टर अजयपाल शर्मा पल-पल की गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। उनकी मांग पर जिले को दो कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स भी मिली है। जिले में 101 मतदान केंद्रों पर चुनाव होना है। इसके लिए फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई है। मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण संपंन्न कराने की जिम्मेदारी पुलिस और पीएसी को सौंपी गई है। इसके अलावा जिले में दो कंपनी आईटीबीपी, सीआरएफ की भी गई है, जिसे जिले की कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी प्रकार की कोई समस्या यदि उत्पन्न होती है तो सचल दल के रूप में मूवमेंट में रहने वाली पैरामिलिट्री खुरापातियों को सबक सिखाएगी। एसपी डॉक्टर अजयपाल शर्मा ने कहा कि चुनावी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से आया फोर्स
जिले में निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर से 12 निरीक्षक, 120 एसआई, कांस्टेबल 475 और पांच सौ होमगार्ड जिले में पहुंच गए हैं। जबकि सहारनपुर जिले से आठ इंस्पेक्टर, 130 एसआई, कांस्टेबल 475 और 350 होमगार्ड लगाए गए हैं। पीएसी की मुरादाबाद से 9 वीं बटालियन और बरेली से 8 वीं बटालियन की एक-एक कंपनी पहुंची है, जबकि 49 वीं बटालियन पहले से ही जिले में है।