क्षेत्र के गांव ऊदपुर में कच्चे नाले की वजह से प्रदूषण फैल रहा है। इस बारे में ग्राम प्रधान से लेकर बीडीओ कार्यालय पर ग्रामीण कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। ग्रामीणों का कहना है कि नाले से फैल रही गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
झिंझाना क्षेत्र के गांव ऊदपूर में ग्राम प्रधान ने दो वर्ष पूर्व आबादी के बीचोबीच गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए नाले की खुदाई कराई थी, लेकिन आज तक नाला कच्ची स्थिति में ही है। कच्चा नाला गंदगी से अटा हुआ है और बरसात के दिनों में पानी बाहर निकल आता है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि उक्त नाले को पक्का कराया जाए, ताकि परेशानी दूर हो सके। रविवार को पीड़ित लोगों ने गांव में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जोगिंदर, सोनू, जीत सिंह, सुधीर, सतीश, सोमपाल, अंकित, जगना, मूर्ति देवी, निर्मला देवी, मेमकला, सत्तो, अनीता, आसू, भोपाल, रामपाल, हरपाल, नानू, इत्रपाल, ज्ञानीराम आदि मौजूद रहे।