शामली में केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पीयूष गोयल ने शामली जिले के लिए 217 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के सही क्रियान्वयन से जिले में बिजली आपूर्ति की समस्या समाप्त होगी तथा हर घर को बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
सोमवार को शामली के वीवी इंटर कॉलेज में इन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि इंटिग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम में 64 करोड़ और दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत 153.57 करोड़ रुपये शामली जिले में खर्च किए जाएंगे। जिले के ऊन, झिंझाना, कैराना, कांधला, एलम, शामली, बनत, गढ़ीपुख्ता, थानाभवन और जलालाबाद इलाके में इन योजनाओं के तहत कार्य होंगे। इंटिग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम के तहत शहरी इलाकों में पावर सब ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। नए उपस्टेशनों की स्थापना, नई ओवरहेड पावर लाइंस एवं अंडरग्राउंड केबल बिछाना, नए डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मरों की स्थापना, सरकारी इमारतों की छतों पर सौर पैनल लगाए जाएंगे। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में फीडर सेपरेशन (आवासीय एवं कृषि), सब ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाया जाएगा। गांवों में 24 घंटे बिजली पहुंचाने तथा कृषक उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी मुहैया कराने में मद्द मिलेगी।
इनसे पूर्व कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि उद्योगों के लिए यूपी में 8 रुपये प्रति यूनिट बिजली दी जाती है, जबकि हरियाणा में पांच और उत्तराखंड में चार रुपये यूनिट है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खासकर मुजफ्फरनगर और शामली में इसी वजह से उद्योग धंधे चौपट हो गए हैं, जिस कारण बेरोजगारी बढ़ रही है। बीटेक, एमटेक और पीएचडी करने वाले युवकों को चपरासी और सफाई कर्मी की नौकरी पाने के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। यह सब प्रदेश सरकार की खराब नीतियों के कारण हो रहा है। थानाभवन से भाजपा विधायक सुरेश राणा ने कहा कि यूपी में चारों और अंधेरा है। गुंडागर्दी हावी है, सरकारी दफ्तरों में जनता की सुनवाई नहीं होती। सब कुछ देखते हुए भी प्रदेश सरकार मौन है। गांवों में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है, तो शहरी क्षेत्र में भी जबरदस्त कटौती की जाती है।
भाजपा विधायक ने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि जब केंद्र बिजली देने को तैयार है, तो खरीदी क्यों नहीं जा रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीयत में खोट है। विकास की तरफ प्रदेश सरकार का ध्यान नहीं है।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री राजन बत्रा और मनोज शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री पीयूष गोयल को बुके देकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, मोहित बेनीवाल, प्रियंवदा तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष पति प्रसन्न चौधरी, हरवीर मलिक, जिला पंचायत सदस्य अनुज चौहान, चेयरमैन अरविंद संगल, अनिल चौहान, डाक्टर रामजीलाल कश्यप, शशि अरोरा, डाक्टर मनोज चौधरी, राजेश मलिक, सूर्यवीर सिंह, अभय तोमर, डाक्टर विपिन कौशिक, राजेश मलिक, मधु सिंघल, एसके आर्य आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
एक सप्ताह में भिजवा दें आवश्यकता
शामली। केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री पीयूष गोयल ने भाजपा सांसद हुकुम सिंह और विधायक सुरेश राणा से कहा कि जिले के जितने भी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जानी है, उसका प्रारूप बनाकर एक सप्ताह में उनको भिजवा दें। वह जल्दी ही मंजूरी दिलाकर कार्य शुरू करा देंगे।
खाने के डिब्बे लेने को मची लूट
शामली। कार्यक्रम में लोगों के लिए खाना डिब्बों में पैक करके वितरण की व्यवस्था कराई गई। कार्यक्रम जैसे ही समाप्त हुआ और मुख्य अतिथि चले गए, उसके बाद डिब्बों का वितरण शुरू हुआ। भीड़ इतनी थी कि डिब्बे लेने के लिए लूट मच गई, जिससे अव्यवस्था फैल गई।