कैराना। वेतन वृद्घि, पुरानी पेंशन बहाली सहित आठ सूत्री विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में चल रहा लेखपालों का धरना-प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। चेतावनी दी है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होगी, तब तक कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
शुक्रवार को तहसील परिसर में चौथे दिन भी प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर उप्र लेखपाल संघ की उपशाखा के अध्यक्ष सूर्यदेव आर्य के नेतृत्व में लेखपालों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। संघ के अध्यक्ष सूर्यदेव आर्य ने कहा कि उनकी मांगों पर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही हैं, जिस कारण उन्हें अपने कार्य का बहिष्कार कर धरना देने को विवश होना पड़ रहा है। चेतावनी दी है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होगी, तब तक कार्य का बहिष्कार करके धरना-प्रदर्शन किया जाता रहेगा। लेखपालों की मांग है कि वेतन में उच्चीकरण करके प्रारंभिक ग्रेड पर 2800 दिया जाना, वेतन की विसंगति में एसीपी विसंगति दूर किया जाना, पुरानी पेंशन बहाल किया जाना, भत्तों में वृद्घि करना, राजस्व परिषद द्वारा प्रस्तावित राजस्व उपनिरीक्षक सेवा नियमावली 2017 को कैबिनेट में पारित करना, लैपटॉप व स्मार्ट फोन मुहैया कराना, प्रोन्नति के अवसर बढ़ाना, आधार भूत व संसाधन उपलब्ध कराना शामिल हैं। इस दौरान श्यामलाल सैनी, भगत सिंह, सतबीर सिंह, ओमपाल सिंह, मुकेश कुमार, गोविंद कुमार, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार, अशोक कुमार, विजय, सुरेंद्र दत्त शर्मा, विजित, कुमारी पूजा खैवाल, मीनाक्षी चौहान, अनुराग चौधरी, पंकज कुमार आदि लेखपाल मौजूद रहे।