थानाभवन। तीन महीने पहले तक खेत में कुश्ती का अभ्यास करने वाली हसनपुर लुहारी की शगुन अब रेसलिंग के अखाड़े में पहलवानों को धूल चटा रही है। हाल ही में लोनी में आयोजित प्रथम बालक-बालिका अंडर-15 रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए उसने सिल्वर मेडल जीतकर गांव और जिले का मान बढ़ाया।
लोनी में आयोजित प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शगुन ने अंडर-15 बालिका वर्ग में जिले का प्रतिनिधित्व किया। पहला मुकाबला गोरखपुर की काजल के साथ हुआ। काजल को हराते हुए शगुन ने सेमीफाइनल मुकाबले में मथुरा की सीमा को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में गाजियाबाद की निधि यादव के साथ मुकाबला हुआ। इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में शगुन को निधि के हाथों को नजदीकी शिकस्त का सामना करना पड़ा। जिससे उन्हें सिर्फ सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शगुन अपने पिता अमित सैनी के साथ गांव लौटी तो ग्रामीणों ने फूल मालाएं डाल जोरदार स्वागत किया। मौके पर मैनपाल सैनी, पून्नालाल सैनी, विक्की सैनी, सुमित सैनी, कुलदीप सैनी, अंकुश सैनी, विपिन कुमार, मनोज रूहेला, विकास सैनी, बलबीर आर्य, मूर्ति देवी, मीनाक्षी सैनी, बेबी देवी आदि लोग मौजूद रहे।