कैराना उपचुनाव की तैयारियां शुरू
शामली। कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने भी तैयारियां प्रारंभ करा दी हैं। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने शामली और सहारनपुर जिले से कैराना लोकसभा सीट के मतदेय स्थलों की संख्या और ईवीएम, वीवीपैट की उपलब्धता के बारे में सूचना मांगी है। इसके साथ ही बिजनौर की नूरपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के संबंध में भी यह सूचना मांगी गई है।
केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देश पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने इस संबंध में शामली और सहारनपुर के अलावा बिजनौर जिले के जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजा है। उसमें कहा गया कि कैराना लोकसभा सीट और बिजनौर की नूरपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव संभावित हैं। उसके लिए ईवीएम, वीवीपैट की प्राथमिक स्तरीय जांच (फर्स्ट लेवल चेकिंग) का कार्य एक माह के अंदर कराया जा सकता है। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में ईवीएम, वीवीपैट की उपलब्धता की सूचना 28 मार्च तक मांगी गई है। इसमें मतदेय स्थलों की संख्या के मुताबिक ईवीएम और वीवीपैट की संख्या पूर्ण विवरण के साथ भेजनी होगी।