संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग
कैराना। किसान ने खेत के रिठान पर अज्ञात द्वारा आग लगाने आरोप लगाया है, जिससे किसान के भूसे के कूप, बिटौड़ा तथा लकड़ी जलकर राख हो गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
ग्राम अकबरपुर सुन्हेटी निवासी हाशिम ने कोतवाली पर तहरीर देकर बताया कि रविवार की सुबह 11 बजे वह अपने खेत से घर पर आया हुआ है। आरोप है कि तभी उसके बरनावी रोड मुर्गी फार्म के निकट स्थित उसके खेत के रिठान पर किसी अज्ञात ने आग लगा दी, जिसकी सूचना पर वह तुरंत मौके पर पहुंचा तथा आसपास के किसानों के सहयोग से आग पर पानी डालकर काबू पाने का प्रयास, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक दो भूसे के कूप, उपलों का बिटौड़ा तथा लकड़ियां जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित ने बताया कि गत अप्रैल माह में भी उसकी तैयार खड़ी गेहूं की फसल में आग लगा दी गई थी, जिसमें पांच बीघा गेहूं नष्ट हो गया था। किसान ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।