एलम में आशा ज्योति केंद्र की टीम से अभद्रता
कांधला।
कस्बा एलम में महिला की शिकायत पर पहुंची आशा ज्योति केंद्र 181 टीम के साथ एक युवक ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर अभद्रता की। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
कस्बा एलम निवासी महिला ने मंगलवार को आशा ज्योति केंद्र 181 शामली पर शिकायत कर बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ आए दिन मारपीट करते हैं। आरोप है कि मंगलवार सुबह महिला व उसके बेटे को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस पर आशा ज्योति टीम ने एलम पहुंचकर दोनों पक्षों के लोगों की बात सुनीं। दोनों पक्ष के लोग टीम के सामने ही आपस में झगड़ने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को अपने साथ थाने लाने लगी तो वहां पर बखेड़ा खड़ा हो गया। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने अपने कई अन्य साथियों के साथ वहां पर पहुंचकर टीम के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें बंधक बनाने का प्रयास किया। मामले में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उक्त युुवक अपने साथियों को वहां से लेकर चला गया। डायल-181 टीम से शुगमकर्ता प्रियंका शर्मा और पारुल ने उक्त प्रकरण में कांधला थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि सूचना मिली है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।