शामली। प्राथमिक स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए अब स्कूल की प्रबंध समिति के सदस्यों को पठन पाठन संबंधी तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। बीएसए ने सभी स्कूलों को प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए है।
बेसिक शिक्षा निदेशक डाक्टर सवेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने बीएसए को पत्र भेजकर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए है। जिसमें विद्यालय में आयोजित होने वाले पठन पाठन तथा पाठन सहगामी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी माता पिता और अभिभावकों को दिए जाने का प्रशिक्षण दिया जाना है। जिसमें कक्षा एक और दो में भाषा संबंधी गतिविधियां भी कराई जानी है। सभी बच्चों के अभिभावकों को स्कूल में बुलाकर निम्न बिंदुओं पर चर्चा करानी होगी। इसमें अभिभावकों को सरल भाषा में कक्षावार एवं विषयवार सीखने के प्रतिफल पर चर्चा की जाएं। उन्हें यह बताया जाए कि वे किस प्रकार बच्चों को पाठ याद कराएं। विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों को उनके माता-पिता से साझा किया जाएं। अभिभावकों को घर पर शैक्षिक वातावरण के सृजन के लिए प्रेरित किया जाएं और अनुरोध किया जाए कि वह प्रतिदिन अपने बच्चों से विद्यालय मेें पढ़ाए गए विषयों एवं गतिविधियों की जानकारी करें और स्कूल में घटित घटनाओं पर सुनाई गई कहानियों को बच्चों से सुने। माता पिता में से जो भी पढ़ना लिखना जानते है, वे कक्षा में पढ़ाई और सुनाई गई कहानी और कविता को बच्चों को पढ़कर सुनाए। अभिभावकों को प्रेरित करे कि जिन विषयों पर बच्चों की समझ नहीं बन सकी है उसकी जानकारी वे शिक्षकों को बताए।
बच्चे की सीखने की प्रक्रिया के संबंध में अभिभावकों एवं शिक्षक एकदूसरे को बताए। शिक्षा को व्यवहारिक जीवन से जोड़ा जाए जिससे अभिभावक शिक्षा के महत्व को समझ सके। उन्होंने बीएसए को सभी बिंदुओं के बारे में सभी खंड शिक्षाधिकारियों, बीआरसी के सभी समन्वयकों, एनपीआरसी और एबीआरसी को सूचित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण की वीडियोग्राफी करते हुए परियोजना कार्यालय भेजने के निर्देश दिए है।
बेसिक शिक्षा निदेशक द्वारा प्रबंध समिति प्रशिक्षण संबन्धी पत्र भेजा गया है। इस प्रशिक्षण से प्राथमिक स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई में काफी सुधार आएगा यह एक अच्छा कदम है। जनपद के सभी स्कूलों को जल्द ही पत्र भेजकर सूचित करते हुए प्रशिक्षण का कार्य शुरु कराया जाएगा। --चंद्रशेखर बेसिक शिक्षा अधिकारी