नर्सिंगहोम के स्टाफ के छह लोगों सहित 17 संक्रमित मिले
शामली। जिले में कोरोना संक्रमित के 17 नए केस मिले हैं। इनमें शामली शहर में 15 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें छह लोग शहर के एक नर्सिंग होम के स्टाफ से हैं। इनके अलावा एक थानाभवन में और एक युवक शामली क्षेत्र के गांव महरमपुर में कोरोना पॉजिटिव मिला है। पूर्व में मिले कोरोना पॉजिटिव नौ लोग ठीक हुए हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या 158 हो गई है।
रविवार को आई सैंपलों की रिपोर्ट में शामली शहर में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें शहर के बुढ़ाना रोड स्थित एक नर्सिंगहोम के स्टाफ के महिला सहित छह लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 20 वर्षीय दो युवकों के अलावा 27 व 28 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाए गए। इनके साथ ही 42 वर्षीय व्यक्ति और 35 वर्षीय महिला के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शहर के मोहल्ला दयानंद नगर में 31 वर्षीय युवक, 40 वर्षीय महिला, 34 वर्षीय युवक व 40 वर्षीय व्यक्ति के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। मोहल्ला गुजरातियान में 78 वर्षीय व 25 वर्षीय दो महिलाएं और 23 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। मोहल्ला शिवगंज मंडी में 31 वर्षीय युवक और मोहल्ला पंसारियान में 40 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। शामली क्षेत्र के गांव महरमपुर में 20 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इनके अलावा थानाभवन मिल में 25 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि रविवार को जिले में कोरोना पॉजिटिव के 17 नए केस मिले हैं। इनमें 10 लोगों की मेरठ मेडिकल से जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जबकि सात लोगों की जांच एंटीजन किट से हुई है। पूर्व में कोरोना पॉजिटिव मिले नौ लोग ठीक हुए हैं। अब जनपद में कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 158 हो गई है।