स्वास्थ्य मेले में 1570 लोगों ने कराया उपचार
शामली। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ऊन सीएचसी पर ब्लाक स्तरीय स्वास्थ्य मेला आयोजित हुआ। स्वास्थ्य मेले में रोगियों को उपचार देने के साथ विभिन्न विभागों के स्टाल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। मेले में 1570 लोग लाभान्वित हुए।
मंगलवार को आयोजित स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, सीएमओ संजय अग्रवाल व ब्लॉक प्रमुख रामपाल ने फीता काटकर मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ इस मेले के माध्यम से लोगों को आसानी से मिल रहा है। सरकार की मंशा है कि लोगों को स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, खेल, शिक्षा, सूचना, महिला एवं बाल विकास विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, ग्रामीण एवं नगर विकास विभाग, आयुष विभाग, होम्योपैथिक आदि विभागों के मेले मे स्टाल लगाकर जानकारी देकर जागरूक किया जाए ताकि वे योजनाओं का लाभ उठा सके।
ब्लॉक प्रमुख रामपाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य मेला लगाकर लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई है। सीएमओ संजय अग्रवाल ने बताया कि मेले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टाल लगाकर मातृ शिशु स्वास्थ्य परिवार कल्याण, संचारी एवं गैर संचारी रोग संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मेले में लगभग 1570 लाभार्थी लाभान्वित हुए हैं।
इस अवसर पर एसीएमओ डा. सुशील कुमार, डॉ. विनोद, डॉ. अथहर जमील, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आशुतोष श्रीवास्तव, फहीम अहमद, निविश चौधरी, रवि गोयल, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवजीत बेदी, बीडीओ प्रवीण कुमार, ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक मुबश्शिर खान, बीसीपीएम नवीन पथिक, लविश कुमार, डॉ. शिवानी, विजय कुमार, मनोज शर्मा, एएनएम, सीएचओ, संगिनी व आशा आदि मौजूद रहे।