निष्पक्ष ढंग से होगी सबकी सुनवाई और कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
शामली। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने जिले की कमान संभाल ली है। उन्होंने कहा कि शामली बाईपास निर्माण और निष्पक्ष लोकसभा चुनाव कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल होंगे। निष्पक्ष ढंग से सबकी सुनवाई और कार्रवाई होगी।
बुधवार देर रात नवनियुक्त जिलाधिकारी अखिलेश सिंह कलक्ट्रेट में एडीएम केबी सिंह से कार्यभार लिया। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अपने कार्यालय का निरीक्षण किया। एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, जिलापूर्ति अधिकारी, कोषागार आदि कार्यालयों में जाकर व्यवस्थाएं देखी और स्टाफ से परिचय लिया। 2008 बैच के आईएएस अधिकारी अखिलेश सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शामली का विकास और सभी का निष्पक्ष काम उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। उन्हें आते ही बताया गया कि यहां गन्ना सीजन में जाम की समस्या होती है, शामली बाईपास निर्माण का काम भी तीन साल से रुका है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस समस्या के समाधान के प्रयास होंगे। शामली बाईपास निर्माण में आ रही बाधा को दूर कर जल्द निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों से बात होगी।
उन्होंने कहा कि अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए निर्वाचन संबंधी काम शुरू हो चुका है। चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराना बड़ी चुनौती है। पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से चुनाव कराएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बेहतर बनाने के प्रयास होंगे। सभी को साथ लेकर सुना जाएगा। जनसुनवाई और कार्रवाई दोनों होंगी। कानून व्यवस्था बाधित करने वालों से सख्ती से भी निपटा जाएगा। उन्होंने बताया कि शामली कलक्ट्रेट के नए भवनों के जल्द निर्माण के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। डीएम ने बताया कि जिला किसान बहुल है। किसानों की समस्याओं को सुना जाएगा। उनके गन्ने का समय पर भुगतान कराने के हर संभव प्रयास होंगे। उन्हें बताया गया कि जिले की दो शुगर मिलों ने सॉफ्ट लोन के लिए आवेदन किया है। इस लोन की पूरी रकम से किसानों का भुगतान मिलों को करना होगा। किसानों का समय पर गन्ना भुगतान हो इसी मंशा से शासन ने ये व्यवस्था की है।
राजस्थान विस चुनाव में पर्यवेक्षक बनाया गया था
डीएम ने बताया कि उन्हें हाल ही में राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। दो -तीन दिन बाद उन्हें वहां जाना था, लेकिन उनका यहां तबादला हो गया।