खजाने का हवाला देकर दो लाख रुपये की ठगी
थानाभवन। घर में खजाना दबा होने का हवाला देते हुए क्षेत्र के गांव भैंसानी निवासी दो युवकों ने मंसूरपुर गांव में एक परिवार से दो लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलने पर पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
मुजफ्फरनगर के गांव मंसूरपुर निवासी नसीम पुत्र इमामुदीन ने थानाध्यक्ष को तहरीर देते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व थानाभवन क्षेत्र के गांव भैंसानी निवासी दो युवक उसके घर आए और दोनों ने खुद को तांत्रिक बताते हुए कहा कि उनके घर में सोना दबा हुआ है। लेकिन वह उन्हें सोने के बारे में तभी बताएंगे, जब उन्हें दो लाख रुपये मिलेंगे। इसके बाद नसीम ने दोनों युवकों को दो लाख रुपये दे दिए। दो लाख लेने के बाद दोनों युवक उसके घर आए और खुदाई करने लगे। इस दौरान एक मटका निकाला। दोनों युवक बहानेबाजी कर वहां से चले गए और उन्हें न ही सोना मिला और न अपने दो लाख रुपये। थानाध्यक्ष कृष्णकुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद आरोपी पाए जाने वालों के खिलाफ किार्रवाई की जाएगी।