मॉडल स्कूल बनने से सुधरेगी शिक्षा व्यवस्था
शामली। नए साल में जनपद को शिक्षा के क्षेत्र में कई नई सौगात मिलने जा रही हैं, जिससे शिक्षा के स्तर में बदलाव होने की पूरी उम्मीद है। राजकीय कॉलेज और आईटीआई की शुरुआत होनी है। वहीं, परिषदीय स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाने बनाने की कवायद जारी है।
नए सत्र से आल्दी, तीतरवाडा और ऊन में पंडित दीनदयाल राजकीय इंटर मॉडल कॉलेज में अप्रैल माह से शैक्षिक कार्य प्रारंभ हो जाएगा। वहीं, एमएसडीपी योजना से छह राजकीय कॉलेज बनने हैं। इनमें से उमरपुर में निर्माण पूर्ण हो चुका है, खेड़ाकुरतान गांव में फिनिशिंग कार्य व गांव भूरा और केरटू में दूसरी किश्त आते ही निर्माण पूरा हो जाएगा। वहीं, लिलौन में बालिका इंटर कॉलेज में फिनिशिंग कार्य चल रहा है तो कांधला में प्रथम किस्त पूरी खर्च की जा चुकी है। वहीं जसाला में आईटीआई व पालीटेक्निक छात्रावास में फिनिशिंग कार्य चल रहा है। नए वर्ष में थानाभवन क्षेत्र में एमएसडीपी योजना के तहत तीन राजकीय कॉलेज का कार्य प्रारंभ होना है। बीएसए और डीआईओएस कार्यालय के नए भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। जल्द ही दोनों कार्यालय नए भवन में शिफ्ट हो जाएंगे। इसके अलावा कैराना क्षेत्र के पंजीठ गांव में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शिफ्ट हो जाएगा, जो अभी किराए के भवन में चल रहा है। साथ ही जनपद के 750 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में से लगभग 50 स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। इसके अलावा 10 मॉडल स्कूल बनाने का लक्ष्य निर्धारित है। इस्सोपुर खुरगान व लांक के प्राथमिक स्कूल के साथ ही चारों कस्तूरबा विद्यालयों में खनिज विभाग की ओर से सीसीटीवी, गीजर, बेंच व वाटर आरओ की व्यवस्था की जाएगी। खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए कंडेला के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल में कबड्ड़ी, कुश्ती, बैडमिंटन और बास्केटबाल का कॉर्ट बनाया जाएगा। वहीं, थानाभवन ब्लाक में भी नए कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।