कैराना (शामली)। ऊंचा गांव के पास शनिवार रात घने कोहरे के कारण जमीयत उलेमा-ए-हिंद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी और उनके साथियों की इनोवा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। लोगों ने शीशे तोड़कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
कस्बा कांधला के मोहल्ला गुजरान निवासी मौलाना आकिल कासमी जमीयत उलमा-ए-हिंद के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी हैं और गढ़ी दौलत स्थित मदरसा के प्रबंधक हैं। शनिवार की रात करीब दस बजे वह इनोवा कार में हरियाणा के राणा माजरा स्थित रिश्तेदारी से कांधला लौट रहे थे। कैराना-कांधला मार्ग पर ऊंचा गांव के निकट घना कोहरा होने के कारण सामने से आए ट्रक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए और शीशे तोड़कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में मौलाना आकिल, उनके भाई मौलाना तैय्यब, मौलाना सादिक, मौलाना वासिफ और कार चालक दिलशाद घायल हो गए। सूचना पाकर जमीयत के कार्यकर्ता भी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे, जिसके बाद घायलों को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।