शामली। सहारनपुर परिक्षेत्र के आईजी शरद सचान ने पुलिस अधिकारियों को मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए खुराफातियों पर शिकंजा कसने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में आईजी ने जिले के पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान आईजी ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण कराना सभी की जिम्मेदारी है। जरा सी लापरवाही से चुनाव कार्य प्रभावित हो सकता है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर इसकी बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश दिए। संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग की जाए। शस्त्र लाइसेंस जमा कराए जाएं। चुनाव के लिए बाहर से आने वाले सुरक्षा बलों के ठहरने वाले स्थल पर सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। पुलिस अधिकारी स्थलों का खुद निरीक्षण कर सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा ले। इस अवसर पर एसपी अजय कुमार, एएसपी राजेश श्रीवास्तव, जिले के सभी सीओ और थाना प्रभार मौजूद रहे।