उत्तर प्रदेश जलनिगम समन्वय समिति के आह्वान पर जल निगम कर्मियों ने मोहल्ला रेलपार स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सातवां वेतन आयोग लागू कराने सहित विभिन्न मांगे उठाईं।
बुधवार को धरना पर बैठे जल निगम कर्मियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश जलनिगम के गठन (वर्ष 1975) से पूर्व की भांति उप्र लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचइडी) का पुनर्गठन किया जाए, जो प्रदेश की स्वास्थ्य अभियंत्रण सेवाओं को सुचारु रुप से संचालित कर सके। साथ ही जल निगम का प्रशासकीय विभाग लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सृृजित कराया जाए। जल निगम द्वारा कराए जा रहे परंपरागत कार्यों जैसे अमृृत योजना आदि को अन्य संस्थाओं से कराने का आदेश समाप्त किया जाए। अन्य प्रदेशों एवं केंद्र की भांति नीति आयोग के सुझाव के अनुसार समान प्रकृृति के कार्यों हेतु पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग सेक्टर पुन:गठित (रिफार्म) कराया जाए। इस दौरान उत्तर प्रदेश जल निगम समन्वय समिति के जिला प्रवक्ता एसके मलिक, राजकुमार, नरेंद्र, मुकेश, बिजेंद्र आदि मौजूद रहे।