अमर उजाला ब्यूरो
शामली। विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापारी नेता एसपी से मिले। आरोप लगाया कि बाहरी जनपदों की पुलिस दबिश देकर व्यापारियों का उत्पीड़न करती है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में स्थानीय पुलिस से सहयोग व्यापारियों ने मांगा।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक अजय कुमार से मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित गोयल ने एसपी को बताया कि हरियाणा और अन्य प्रदेशों की पुलिस आरोपियों को पकड़कर लाती है और व्यापारी के यहां दबिश देकर उसे उठाकर ले जाती है। व्यापारी के परिजनों तक को इसका पता नहीं दिया जाता। जिसके बाद झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जाता है। इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। व्यापारियों ने एसपी से कहा कि इस मामले में स्थानीय पुलिस व्यापारियों का सहयोग करे। यदि बाहरी पुलिस को किसी व्यापारी के यहां आना है तो पहले स्थानीय पुलिस में आमद दर्ज कराए और लोकल पुलिस के साथ ही जांच करने व्यापारी के यहां जाए। एसपी ने उन्हें इस संबंध में उचित कार्रवाई करने ओर संबंधित थानों को निर्देशित करने का भरोसा दिया। एसपी से मिलने वालों में अनुराग जैन, राहुल गोयल, अनिल भार्गव, विपिन जैन, आशू गर्ग, राकेश गुप्ता, संजय गोयल आदि मौजूद रहे।