आखिर प्रशासन और व्यापारियों का प्रयास रंग लाया। बुधवार को व्यापारियों ने प्रशासन के प्रस्ताव पर अमल करते हुए साप्ताहिक बंदी रखी। एसडीएम और श्रम विभाग के अफसरों ने भी पैदल बाजार में गश्त किया।
प्रशासन की ओर से कैराना में साप्ताहिक बंदी बुधवार को घोषित की हुई है। लंबे समय से व्यापारियों द्वारा साप्ताहिक बंदी में भी मनमाने तरीके से दुकानों को खोला जा रहा था। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेकर व्यापारियों के साथ बैठक की थी। इसमें व्यापारियों ने भी बैठक कर प्रशासन को सहयोग देने और साप्ताहिक बंदी पर दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया था। इस पर अमल करते हुए बुधवार को व्यापारियों ने चौक बाजार, सर्राफा बाजार, जोड़वा कुआं, मीना मार्केट, निर्मल चौराहा, पुराना बाजार में दुकानें बंद रखी। हालांकि आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खली थी। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार रनबीर सिंह के नेतृत्व में श्रम विभाग की प्रवर्तन अधिकारी मधु प्रभा, कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर ने पुलिस टीम के साथ बाजारों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल युवा के नगराध्यक्ष वरुण सिंघल और व्यापार मंडल के महासचिव अनिल गुप्ता ने भी अपना सहयोग दिया।
पंजीकरण कराने की अपील
श्रम विभाग की अधिकारी मधु प्रभा ने कहा कि ईट भट्ठों व दुकानों पर मजदूरी करने वाले श्रमिक श्रम विभाग में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के लिए 100 रुपये शुल्क लगेगा। तीन साल की फीस 60 रुपये होगी। उन्होंने कहा कि यदि श्रमिक का पंजीकरण है, तो किसी भी दुर्घटना में उसे मुआवजे का लाभ मिलेगा।