जलालाबाद। राहत के नाम पर लोगों के लिए परेशानियों का सबब बने कस्बे के रोडवेज बस स्टैंड के हालात जल्द सुधरेंगे। बस स्टैंड का निरीक्षण करने पहुंचे परिवहन निगम के अधिकारियों ने स्टैंड को सुधारने संबंधी निर्देश जारी किए।
बृहस्पतिवार को परिवहन निगम के सहारनपुर मंडल के रीजनल मैनेजर मनोज कुमार पुंडीर, सहायक रीजनल मैनेजर शामली मनोज कुमार वाजपेयी, परिवहन विभाग निर्माण इंजीनियर आदि अधिकारी बस स्टैंड पर पहुंचे और निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बिल्डिंग की स्थिति को देखकर पुरानी इमारत की रिपेयरिंग करने के निर्देश दिए। उधर, आरएम मनोज कुमार ने बताया कि जनपद शामली डिपो के लिए परिवहन के पास कोई वर्कशॉप नहीं है। कस्बे के बस स्टैंड पर काफी जगह होने के कारण इसी स्थान पर वर्कशॉप का निर्माण किया जाना है। बस स्टेशन पर इंचार्ज ड्यूटी लगाकर यहां से गंगोह, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, देवबंद आदि कई रूटों की बसें चलाने की योजना बनाई जा रही है।