खुटार। महिला का घर ढहा कर जमीन कब्जाने और घरेलू सामान फेंक देने के आरोप में आठ लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव अठकोना निवासी शमसुल की पत्नी हसीना बेगम ने पुलिस को बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। वह गांव में पांच बच्चों के साथ कच्चे मकान में रहती हैं। साथ में भतीजा और उनका परिवार भी रहता है। 12 अगस्त को उनका भतीजा किसी काम से पुवायां गया था। इस बीच विनोद कुमार, राजेश, रवि कुमार, शिवम कुमार, रुस्तम, रिषभ, इरफान, नासर आदि असलहे और फावड़ा, कुल्हाड़ी आदि लेकर आ गए और उनके मकान को गिरा दिया।
आरोपियों ने घर में रखा सामान भी फेंक दिया। उन्होंने मना किया तो विनोद कुमार, राजेश कुमार, रवि कुमार तमंचा लेकर मारने दौड़ पड़े। आरोपियों ने उनके सीने पर तमंचा रख दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया।
मकान ढहाने के बाद विनोद ने कब्जे की नीयत से मकान की जगह पर अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली, हैरो आदि खड़ा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। आरोपी धमकी दे रहे हैं कि गांव छोड़कर नहीं जाने पर जान से मार देंगे, इससे वह और परिजन बेहद परेशान हैं। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है, आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।