शिल्पी का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। परौर थाना क्षेत्र के चपरा गांव निवासी 28 वर्षीय शिल्पी की बुधवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की मां ने बेटी की पीटकर हत्याकर उसके शव को फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोप के आधार पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सिंधौली के ढकिया हमीदनगर गांव निवासी माधुरी देवी ने बताया कि बेटी शिल्पी की शादी वर्ष 2016 में परौर थाना क्षेत्र के चपरा गांव निवासी कमलेश के साथ की थी। बेटी के दो बेटी और दो बेटियां हैं। दामाद व उसके घरवाले बेटी को परेशान करते थे।
रक्षाबंधन को जब बेटी ने घर जाने के लिए कहा तो मना कर दिया गया। उसकी फोन पर बात तक नहीं कराई गई। आरोप है कि 11 अगस्त को दामाद व उसके घरवालों ने बेटी को पीटा। जान से मार देने की धमकी दी।
इसके बाद बेटी की शादी कराने वाली महिला को पूरी बात बताई गई। उसने दामाद के घरवालों को समझाया। आरोप है कि बुधवार को दामाद ने घरवालों के साथ मिलकर बेटी को पीटा और गला दबाकर शव फंदे से लटका दिया। ग्रामीणों की सूचना पर जब बेटी के घर गए तो शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
उसके गले पर निशान थे। पैर में चोट थी। माधुरी ने बताया कि दामाद शराब पीने का आदी है। दामाद के एक युवती से संबंध है, इसलिए बेटी को परेशान किया जा रहा था। माधुरी ने बताया कि रक्षाबंधन से दो दिन पूर्व बेटी से बात हुई थी। बेटी ने अपने साथ हुई मारपीट की बात बताई थी।
परौर के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी परिजनों की तरफ से प्रार्थना पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।