शाहजहांपुर । महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता को बगैर सूचना दिए ससुराल वाले शव का अंतिम संस्कार करने पहुंच गए। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिता से शव के कुछ अवशेष बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं अंतिम संस्कार में शामिल दो लोगों को हिरासत में भी लिया है।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव कोडर पट्टी निवासी रामनरेश ने बेटी संध्या देवी (23) की शादी करीब एक साल पहले थाना जलालाबाद क्षेत्र के गांव रामपुर बेन निवासी पृथ्वीराज से हुई थी। रविवार को पिता को ग्रामीणों से सूचना मिली कि ससुराल वालों ने उसकी बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पिता दिल्ली में मेहनत-मजदूरी करते हैं। सूचना मिलते ही रामनरेश रविवार की रात बेटी की ससुराल के लिए निकल गए।
सोमवार सुबह करीब दस बजे रामनरेश बेटी की ससुराल पहुंचे तो पता चला कि ससुराल पक्ष बेटी के शव का अंतिम संस्कार करने ढाईघाट गए हैं। तभी पिता ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और मिर्जापुर थाना प्रभारी ने जलती हुई चिता से शव को उतार लिया। अंतिम संस्कार में शामिल दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ जलालाबाद अरविंद कुमार ने बताया कि पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन शव का अंतिम संस्कार हो चुका था। तहरीर प्राप्त होते ही उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।