पुवायां मंडी में आरएफसी के केंद्र पर टिन शेड फुल हुआ तो बैनर तक हटा दिया गया है। संवाद
- फोटो : प्रवाचिका महेश्वरी श्रीजी।
पुवायां। पुवायां मंडी में तमाम धान भरी ट्राॅलियां खड़ी हैं। कई केंद्रों पर धान के ढेर भी लगे हैं, लेकिन किसान मौजूद नहीं हैं। टिनशेड फुल होते ही केंद्र प्रभारी बैनर तक उतारकर नदारद हो गए हैं। इसके बाद भी कागजों पर धान खरीद दर्ज की जा रही है।
पुवायां मंडी के कोने में पड़े एक टिनशेड में आरएफसी का क्रय केंद्र लगा हुआ है। इस केंद्र पर तौल के बाद टिनशेड भर गया तो बैनर को भी समेट दिया गया। एक भी किसान मौजूद नहीं है। इसके अलावा केंद्र पर न तो कुर्सी-मेज है और न ही कांटा। इसके अलावा अन्य केंद्रों पर भी किसान धान लेकर पड़ा है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
किसानों का कहना है कि मंडी में कोई अधिकारी किसानों की हालत देखने नहीं आ रहा है। जो किसान मौजूद हैं उनके धान की तौल नहीं कराई जा रही है। पीसीयू के केंद्रों के सामने धान भरी ट्राॅलियां खड़ी हैं लेकिन किसान दिखाई नहीं दे रहे हैं। केवल ट्रॉलियां खड़ी हैं, ट्रैक्टर नहीं दिखाई दे रहे। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी रामकैलाश सोनकर ने बताया कि टिनशेड फुल होने के कारण तौल रुक गई थी। धान की तौल कराई जाएगी और मंडी की खाली सड़कों पर धान लगाया जाएगा। केंद्र प्रभारी कार्यालय में बैठते हैं।