नववर्ष की शुरुआत के साथ ही मौसम के तेवरों में भी बदलाव आ गया है। बृहस्पतिवार को सुबह से छाए बादलों के बाद दिन में करीब 11 बजे हुई बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज फिर से बदल गया। इससे सर्दी बढ़ गई। अवकाश होने की वजह से कम लोग ही घरों से बाहर निकले।
बृहस्पतिवार को बादल निकलने की वजह से अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री घटकर 21.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बुधवार को सूर्यदेव के दर्शन होने की वजह से लोगों को सर्दी से काफी राहत थी, वहीं देर रात से बादल छाने शुरू हो गए। सुबह तक करीब 11 बजे से शुरू हुई बूंदबांदी रुक-रुककर शाम तक होती रही। इससे गलन काफी बढ़ गई, जिससे लोगों को ठिठुरन का एहसास हुआ।
आज भी छाए रहेंगे बादल
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक एसएस यादव ने बताया कि शुक्रवार को भी बादल छाए रहने की आशंका जताई है, जबकि तेज बारिश होने की संभावना से इंकार किया। साथ ही तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आने की बात भी कही।
बंदियों को दान दीं रजाइयां
तिलहर। गांव गोबरसंडा के प्रधान राजेश कुमार ने तिलहर कोतवाली में बंदियों के लिए कड़ाके की ठंड को देखते हुए पांच रजाइयों व पांच गद्दे दान किए हैं। इस मौके पर सीओ संजय कुमार और कोतवाल रूम सिंह यादव मौजूद रहे।