तीन दिन में नौ डिग्री पारा गिरने से सर्दी का प्रकोप एकदम से शुरू हो गया। रविवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस था, जो सोमवार को घटकर 22.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। मंगलवार को भी 4.2 डिग्री घटकर 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में भी करीब तीन डिग्री सेल्सियस की कमी आई। इस वजह से मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
एकदम से मौसम बदलने से लोगों को खासी परेशानी होने लगी है। सोमवार की रात को ही कोहरा गिरना शुरू हो गया था। इस वजह से शहर के मुख्य चौराहों, तिराहों और रेलवे स्टेशन पर भी कम ही लोग नजर आए। मंगलवार सुबह भी कोहरा का प्रकोप जारी रहा। कोहरे ने सूरज को अपने आगोश में ले लिया, जिससे लोगों को सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। इससे ठिठुरन वाली सर्दी बढ़ गई, जिससे सड़कों और बाजारों में लोग सर्दी से बचाव करने के लिए गर्म कपड़े पहनकर निकले। वहीं कई स्थानों पर लोगों से सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया।
वाहनों की धीमी गति से चलाने की अपील
कोहरे के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम लगाने के लिए एआरटीओ प्रशासन आरपी सिंह ने वाहन चालकों से अपने वाहनों पर फॉग लाइटें और रिफ्लेक्टर लगवाने की अपील की है। इसके साथ ही उन्होंने वाहनों का संचालन धीमी गति से करने के लिए भी कहा है।
नगर पालिका परिषद जलवाएगी अलाव
नगर पालिका परिषद के चेयरमैन तनवीर खां सर्दी को मद्देनजर रखते हुए अलाव जलवाने के निर्देश हैं। उन्होंने वर्कशाप प्रभारी राजेश अस्थाना से कहा कि रेलवे स्टेशन, रोडवेज, बाबा विश्वनाथ मंदिर, खिरनीबाग चौराहा, रिक्शा स्टैंड, केरूगंज, लाल इमली चौराहा, रैन बसेरा, शहीद प्रतिमाओं के पास, तेल टंकी मालगोदाम के पास, कोतवाली, थाना सदर बाजार, रिक्शा स्टैंड बहादुरगंज आदि स्थानों पर रात में अलाव जलवाने के लिए कहा है।
कोहरे से ट्रेनें भी हुईं लेट
कोहरा गिरने की वजह से अप लाइन की सहारनपुर पैसेंजर नौ घंटे, जम्मूतवी एक्सप्रेस नौ घंटे, गुवाहटी एक्सप्रेस सात घंटे, काठगोदाम एक्सप्रेस चार घंटे, जननायक एक्सप्रेस आठ घंटे और बरेली पैसेंजर सवा एक घंटे लेट रहीं। वहीं डाउन लाइन पर जननायक एक्सप्रेस आठ घंटे, सीतापुर पैसेंजर तीन घंटे और त्रिवेणी एक्सप्रेस सवा घंटे के करीब लेट रहीं।