शाहजहांपुर में रविवार को दिन में छाए रहे बादल । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। पश्चिमी विक्षोभ मजबूत होने और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलने से तापमान में मामूली गिरावट के साथ मौसम फिर से बदलने के संकेत हैं। सर्द हवा से रात में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री घटकर 12.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। हालांकि, रविवार को सुबह धुंध छंटने के बाद धूप निकली तो दिन भर मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन नम हवा के असर से अधिकतम तापमान भी 0.2 डिग्री कम होकर 29 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार सोमवार को सुबह से दोपहर बाद तक बादल छाए रहने की संभावना है और मामूली बूंदाबांदी भी हो सकती है।
गत माह हुई बेमौसम की बारिश और ओलावृष्टि से वातावरण में व्याप्त नमी दिन में लगातार धूप निकलने से धीरे-धीरे कम हो रही है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार इसीलिए गत एक सप्ताह के अंदर दिन में अधिकतम तापमान चार डिग्री बढ़ चुका है। बीती 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 23 डिग्री था जो अगले तीन दिन तक 25 से 27 डिग्री के बीच झूलता रहा और अब 29 डिग्री से ऊपर जाने को बेताब है। दिन मेें तेज धूप से वायु में घुली आर्द्रता वाष्प में बदल रही है जो कि रात मेें ओस बनकर गिर रही है। इस वजह से रात से सुबह तक आर्द्रता का स्तर 78 से 82 प्रतिशत रिकार्ड हो रहा है।
गन्ना शोध परिषद के मौसम विश्लेषक सुरेंद्र सिंह के अनुसार कई दिन से लगातार तेज धूप निकलने के कारण गर्मी प्रतीत हो रही है, लेकिन चार दिन से वायुदाब सामान्य से कम बना हुआ है। इसे मौसम मेें बदलाव का संकेत माना जा सकता है क्योंकि धूप से वायुमंडल मेें व्याप्त नमी का जितना क्षरण हुआ, वह वाष्प से बादल में परिवर्तित होकर दिखाई पड़ेगी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और आर्द्रता में हुई कमी आदि कारणों से आसमान बादलों से घिरने लगा है। उनका कहना है कि सोमवार को सुबह से बादल छाए रहने और इस वजह से दिन में धूप कम निकलने के आसार हैं।